Advertica

 Bihar board SST notes class 8th civics chapter 3  संसदीय सरकार (लोग व उनके प्रतिनिधि)

Bihar board SST notes class 8th civics chapter 3  संसदीय सरकार (लोग व उनके प्रतिनिधि)

Bihar board SST notes class 8th civics chapter 3

                                        संसदीय सरकार (लोग व उनके प्रतिनिधि)

पाठ का सारांश– भारतीय संविधान यह सुनिश्चित करता है कि देश के सभी लोग देश की शासन प्रणाली का हिस्सा बनें-अप्रत्यक्ष रूप से, अपने प्रतिनिधियों के द्वारा । 18 वर्ष या उससे ऊपर के सभी नागरिक अपना मत देकर अपने प्रतिनिधि चुन सकते हैं। ये प्रतिनिधि अलग-अलग स्तर पर चुने जाते हैं, जैसे  ग्राम पंचायत, राज्य विधान सभा और संसद । अपने क्षेत्र का विकास करना व क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का निदान करना प्रतिनिधियों
की जिम्मेवारी होती है। इन प्रतिनिधियों का चुनाव पाँच वर्षों के लिए होता है। यदि ये ठीक से काम न करें तो लोग इन्हें दूसरी बार वोट न देकर अगली सरकार में शामिल होने से रोक सकते हैं। हमारे प्रतिनिधि कानून बनाने, उन्हें लागू करने और शासन के जरूरी निर्णय लेने का कार्य करते हैं। हमारे प्रतिनिधि पाँच साल के लिए चुने जाते हैं।

संसद का गठन- राष्ट्रपति, लोकसभा और राज्य सभा, इन तीनों अंगों को मिलाकर ही संसद बनती है।

लोक सभा–भारतीय संसद के दो सदन हैं—लोक सभा और राज्य सभा । लोक सभा जहाँ निचला सदन है वहीं राज्य सभा उच्च सदन है। लोक सभा के प्रतिनिधि सीधे लोगों द्वारा चुनाव के माध्यम से चुने जाते हैं। लोक सभा के लिए चुनाव पाँच साल में होता है लोक सभा चुनावों के लिए देश को कई निर्वाचन क्षेत्रों में बाँटा जाता है। प्रत्येक निर्वाचन  क्षेत्र से एक प्रतिनिधि चुना जाता है। इस समय लोकसभा में 543 निर्वाचन क्षेत्र हैं। जहाँ राजनैतिक दलों के सदस्य चुनाव लड़ते हैं वहीं निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव लड़ते हैं। दो सदस्य एंग्लो इंडियन समुदाय से भी मनोनीत किये जाते हैं। सांसदों को एम० पी० भी कहते है। लोक सभा के सदस्य अपने में से एक अध्यक्ष व एक उपाध्यक्ष चुनते हैं।

राज्यसभा – राज्यसभा के सदस्यों का निर्वाचन अप्रत्यक्ष रूप से होता है। इस उच्च सदन में 238 निर्वाचित तथा 12 मनोनीत सदस्य होते हैं। राज्य के लोग विधान सभा के सदस्यों को चुनते हैं और विधान सभा के सदस्य राज्य सभा के सदस्यों को चुनते हैं। प्रत्येक दो साल के बाद राज्य सभा के एक तिहाई सदस्यों का निर्वाचन किया जाता है। इस तरह राज्य सभा कभी
भंग नहीं होती है। राज्य सभा के सदस्यों का कार्यकाल 6 वर्ष का होता है।

राष्ट्रपति—संसद का तीसरा अंग राष्ट्रपति है। राष्ट्रपति का कार्यकाल 5 वर्ष के लिए होता है। राष्ट्रपति अपनी शक्तियों का प्रयोग प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बनी मंत्रिपरिषद के माध्यम से करता है। सरकार का गठन जिस राजनैतिक दल को लोक सभा की आधे से अधिक सीटें प्राप्त होती हैं, उस दल नेता को राष्ट्रपति सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करते हैं। लोक सभा के 543 में से कम से कम 272 सीट जीतना बहुमत प्राप्त करने के लिए जरूरी होता है । यदि कोई दल 272 सीट अकेले न जीत पाए तो एक से अधिक दल मिलकर सरकार बना सकते हैं जिसे गठबंधन की सरकार कहा जाता

प्रधानमंत्री एवं मंत्रिपरिषद- बहुमत दल या बहुमत दलों के गठबंधन के नेता को राष्ट्रपति द्वारा प्रधानमंत्री नियुक्त किया जाता है । राष्ट्रपति की सलाह से प्रधानमंत्री अन्य मंत्रियों की नियुक्ति करते हैं। यदि कोई व्यक्ति बिना संसद के सदस्य बने मंत्री या प्रधानमंत्री बनाया जाता है तो उसे छह महीने के अंदर सांसद के रूप में निर्वाचित होना पड़ता है। प्रधानमंत्री का सरकार में सर्वोच्च स्थान होता है।
संसद के कार्य-
1. विधायी कामकाज – संसद पूरे देश के लिए कानून बनाती है
2. वित्तीय कार्य -संसद सरकार के कार्यों के लिए धन का प्रबंध करती है।
3. संसद सरकार को नियंत्रित करती है, मार्गदर्शन देती है और महत्त्वपूर्ण जानकारी उपलव्ध कराती है।
4. प्रश्नकाल में प्रश्न पूछती है।
5. मंत्रिपरिषद् के कार्यों से असंतुष्ट होने पर उसके खिलाफ संसद अविश्वास प्रस्ताव भी लाती है।
                                           पाठ में आए प्रश्नों के उत्तर
सही विकल्प चुनें-
1. प्रतिनिधि का अर्थ-
अ-लोगों द्वारा किसी क्षेत्र से चुना गया व्यक्ति
ब-सरकार द्वारा किसी क्षेत्र से चुना गया व्यक्ति
स-उस क्षेत्र का जाना-माना व्यक्ति ।
उत्तर-अ-लोगों द्वारा किसी क्षेत्र से चुना गया व्यक्ति ।
2. राज्य विधान सभा के लिए चुने गये व्यक्ति को क्या कहते हैं ?
अ-वार्ड पंच
ब-थानेदार
स-विधायक
उत्तर-स-विधायक।
3. संसदीय सरकार में आम लोगों की भागीदारी किस तरह से होती है ?
उत्तर–आम लोग अपने मत का प्रयोग कर संसद सदस्य के रूप में अपने प्रतिनिधियों को चुनते हैं। इस प्रकार संसदीय सरकार में आम लोगों की अप्रत्यक्ष रूप से भागीदारी होती है।
4. प्रतिनिधियों को आम लोगों के साथ सीधा संपर्क रखना क्यों जरूरी होता है ?
उत्तर–प्रतिनिधियों को आम लोग ही अपने मत का प्रयोग कर चुनते हैं ताकि वे उनकी समस्याओं को हल कर सकें। इसलिए प्रतिनिधियों को आम लोगों के साथ सीधा संपर्क रखना जरूरी होता है ताकि वे अच्छा काम करेंगे तो लोग अगली बार भी उन्हें सरकार में शामिल होने का मौका देंगे।
5. प्रतिनिधियों का चुनाव निश्चित समय के लिए ही क्यों किया जाता है ?
उत्तर-ताकि वे निरंकुश न बन जाएँ। अगले चुनाव में जीतने के लिए वे उचित काम करें।
6. क्या आम लोगों की भागीदारी प्रतिनिधियों के चुनाव तक ही सीमित होती है ?
उत्तर-सिद्धांत रूप में तो ऐसा नहीं है, पर व्यावहारिकता में तो ऐसी ही तस्वीर सामने आती है।
7. प्रतिनिधि चुनाव क्यों जरूरी है ? शिक्षक के साथ चर्चा कीजिए।
उत्तर-सारी जनता तो सरकार में शामिल हो नहीं सकती। इसलिए जनता की ओर से प्रतिनिधि चुने जाते हैं जो सरकार बना चलाकर जनता के हितों में काम करते हैं। अत: प्रतिनिधि चुनाव जरूरी है।
8. बिहार के प्रमुख शहरों के चुनाव क्षेत्रों को पहचानकर उसके निर्वाचित प्रतिनिधियों के नाम बताइए।
उत्तर-अपने शिक्षक की सहायता से स्वयं करें।
9. आपके सांसद का क्या नाम है ? वे किस निर्वाचन क्षेत्र में चुने गए
उत्तर—मेरे सांसद का नाम शत्रुघ्न सिन्हा है जो पूर्वी पटना निर्वाचन क्षेत्र से चुने गये हैं।
10. नक्शे को अलग-अलग रंगों से दिखाने का प्रयास क्यों किया गया है ?
उत्तर—अलग-अलग क्षेत्रों की पहचान के लिए।
11. बिहार के मुख्य राजनैतिक दलों के नाम पता कीजिए।
उत्तर–जनता दल (यूनाइटेड), भारतीय जनता पार्टी, राजद, लोजपा ।
12. किसी भी राजनैतिक दल को आसानी से कैसे पहचाना जा सकता है ?
उत्तर-उसके चुनाव चिह्न से।
13. राजनैतिक दलों का मुख्य काम क्या होता है
उत्तर-राजनैतिक दलों का मुख्य काम सरकार बनाना और अपनी जनता की समस्याओं का समाधान करना है।
14. शिक्षिका की मदद से पता कीजिए कि भारत में राष्ट्रपति का निर्वाचन किस प्रकार होता है?
उत्तर-राष्ट्रपति का निर्वाचन जनता के द्वारा चुने गये प्रतिनिधियों के द्वारा होता है। विशेष जानकारी के लिए अपने शिक्षक के संग स्वयं चर्चा करें।
15. आठवीं लोकसभा चुनावों में किस राजनैतिक दल को सबसे अधिक सीटें प्राप्त हुई ?
उत्तर—भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को आठवीं लोकसभा चुनावों में सर्वाधिक 404 सीटें प्राप्त हुई।
16. किस दल को सबसे कम सीटें प्राप्त हुई ?
उत्तर-आठवीं लोकसभा में, राष्ट्रीय दल में सबसे कम सीटें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) को प्राप्त हुई। इन्हें मात्र 02 सीटें प्राप्त हुई।
17. तेरहवीं लोकसभा चुनाव में कौन-सा दल सबसे बड़े दल के रूप में उभरकर सामने आया?
– उत्तर-तेरहवीं लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 182 सीटें जीतकर सबसे बड़े दल के रूप में उभरकर सामने आया ।
18. सबसे बड़ा दल होते हुए भी वह पार्टी अकेले सरकार क्यों नहीं बना सकी?
उत्तर-उसके पास बहुमत के लिए जरूरी 272 सीटें नहीं थीं।
19. जो गठबंधन सरकार बनाई गई, उस गठबंधन का क्या नाम था ?
उत्तर-एन. डी. ए. ।
20. आपकी समझ में क्या बहुमत को सरकार बनाने का आधार रखना चाहिए ? कारण सहित समझाइए।
उत्तर–हाँ, बहुमत को सरकार बनाने का आधार रखना चाहिए । संसद में, सभी जनता के प्रतिनिधि होते हैं तो सब समान होते हैं, फिर तो उनमें जो बहुमत में होगा वही सही मायने में जनता का प्रतिनिधित्व करेगा और उसी को सरकार बनाने का अधिकार होना चाहिए।
21. क्या इस तरह के गठबंधन से बनी सरकार शक्तिशाली सरकार हो सकती है? कारण सहित समझाइए।
उत्तर—यदि गठबंधन के दलों में समझदारी भरा तालमेल होगा और देश के प्रति उनकी ईमानदारीपूर्ण निष्ठा होंगी तभी गठबंधन की सरकार शक्तिशाली होगी। अन्यथा गठबंधन के दल लड़ते रहेंगे और अपनी सरकार के लिए परेशानी खड़ा कर लेंगे।
22. राष्ट्रपति किस व्यक्ति को प्रधानमंत्री नियुक्त करते हैं ?
उत्तर-राष्ट्रपति बहुमत प्राप्त दल या सबसे बड़े दल के नेता को प्रधानमंत्री नियुक्त करते हैं।
23. क्या प्रधानमंत्री अपनी मर्जी से अपने मंत्रिपरिषद में सहयोगियों को ले सकते हैं? शिक्षिका की मदद से चर्चा कीजिए।
उत्तर-हकीकत में तो ऐसा ही होता है बस नाम के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रपति से सलाह लेकर अपने मंत्रिपरिषद् के सहयोगियों का चयन करते हैं। राष्ट्रपति को तो बस, प्रधानमंत्री के निर्णयों पर अपना मुहर भर लगा देना होता है। संसद में प्रधानमंत्री ही सर्वशक्तिमान होता है।
24. यदि आपको अपने इलाके के बारे में प्रश्न पूछना होता तो आप अपने सांसद से क्या प्रश्न पूछते?
उत्तर-मैं प्रश्न पूछता कि महँगाई को वे लोग नियंत्रित क्यों नहीं कर रहे हैं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शिक्षक हासिल करने के लिए वे क्या कर रहे हैं।
25. इस अविश्वास प्रस्ताव वाले नियम के पीछे क्या कारण हो सकता है ? आपस में चर्चा कीजिए।
उत्तर-मंत्रिपरिषद् निरंकुश न हो जाए इसलिए अविश्वास प्रस्ताव का नियम बनाया गया है। ताकि बाकी विपक्ष द्वारा इस नियम के तहत सरकार गिरा देने के खतरे की तलवार मंत्रिपरिषद् पर लटकती है और वह बेलगाम न हो पाए।
अभ्यास के प्रश्नोत्तर
1. हमारे यहाँ 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को वोट देने का अधिकार है। आपकी समझ से क्या यह ठीक है?
उत्तर-हाँ, यह ठीक है क्योंकि 18 वर्ष के युवा में इतनी परिपक्वता आ जाती है कि वे अपने मत का प्रयोग कर सकें।
2. लोक सभा जनभावनाओं और जनता की अपेक्षाओं की अभिव्यक्ति का मंच है । क्या आप इस वाक्य से सहमत हैं ? कारण सहित समझाइए।
उत्तर-हाँ, मैं उपरोक्त वाक्य से पूर्णतः सहमत हूँ। लोक सभा में जनता द्वारा चुने गये प्रतिनिधि जाते हैं। लोगों को अपने-अपने जनप्रतिनिधियों से काफी अपेक्षाएँ रहती हैं। वे उनसे अपनी हर समस्या का समाधान हकपूर्वक चाहते हैं। अत: लोक सभा जनभावनाओं और जनता की अपेक्षाओं की अभिव्यक्ति का मंच है।
3. लोकतांत्रिक शासन में आम लोगों की भागीदारी किस प्रकार से होती है ? एक उदाहरण देकर समझाइए।
उत्तर–आम लोग अपने मत का प्रयोग कर संसद और विधान सभा में प्रतिनिधियों को भेजते हैं। यही प्रतिनिधि जनता के हित में शासन का कार्य करते हैं। अतः लोकतांत्रिक शासन में आम लोगों की भागीदारी अप्रत्यक्ष रूप से होती है।
4. केन्द्र में सरकार बनाने के लिए किसी भी दल या दलों की गठबंधन के पास होने वाले आवश्यक बहुमत का क्या अर्थ है ? एक उदाहरण देकर समझाइये ।
उत्तर भारत में किसी भी दल को संसद में सरकार बनाने के लिए 543 कुल सीटों में से कम से कम 272 सीटों की आवश्यकता होती है। अत: संसद में सरकार बनाने के लिए आवश्यक बहुमत का अर्थ है कुल 272 सीटें कम-से-कम प्राप्त करना—किसी एक दल को अथवा गठबंधन के दल को।
5. संसद मंत्रिपरिषद् पर किन-किन तरीकों से नियंत्रण करती है ? इनमें से आपको कौन-सा तरीका सबसे असरदार लगता है और क्यों ?
उत्तर-संसद मंत्रिपरिषद् पर इन तरीकों से नियंत्रण करती है-
(i) प्रश्नकाल के दौरान प्रश्न पूछना ।
(ii) सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों को आलोचना करना ।
(iii) सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करना ।
मुझे इनमें से अविश्वास प्रस्ताव लाने का तरीका सबसे असरदार लगता है।
6. संसद के मुख्य कार्य कौन-कौन से हैं ? अपने शब्दों में लिखिए।
उत्तर-संसद के मुख्य कार्य निम्न हैं-
(क) विधायी कामकाज-संसद का काम पूरे देश या देश के किसी भू-भाग के लिए कानून का निर्माण करना है।
(ख) वित्तीय कार्य-सरकार के कार्य कई होते हैं जिनके लिए बहुत धन की जरूरत होती है। संसद अपनी वित्तीय शक्तियों के द्वारा सरकार के कार्यों के लिए धन संतोषी  उपलब्ध कराती है।
सरकार को खर्च की गई राशि तथा प्रस्तावित आय का हिसाब-किताब संसद को देना होता है।
(ग) सरकार को नियंत्रित करना, मार्गदर्शन और जानकारी देना-संसद का सबसे महत्वपूर्ण कार्य सरकार को नियंत्रित करना है। संसद सरकार को मार्गदर्शन देने का कार्य भी करती है। संसद में जनता के द्वारा चुने गये प्रतिनिधि लोगों की ओर से कार्य करते हैं इसलिए मंत्रिपरिषद् संसद के प्रति उत्तरदायी होती है।
7. नीचे दी गयी तालिका को अध्याय में दी गयी जानकारी के आधार पर भरिये।
जानकारी  :-                              लोकसभा:-
सदस्यों की कुल संख्या
सदस्यों का कार्यकाल
सदन का कार्यकाल
चुनाव का तरीका
सभापति या अध्यक्ष के
चुनाव का तरीका
उत्तर-
जानकारी :-

1.सदस्यों की कुल संख्या
2.सदस्यों का कार्यकाल
3.सदन का कार्यकाल
4.चुनाव का तरीका
5.सभापति या अध्यक्ष
के चुनाव का तरीका

लोकसभा
1.        543
2.        5 वर्ष
3.        5 वर्ष
4.      मतदान
5. संसद के प्रतिनिधियों
के द्वारा आपस में चयन करके

Previous Post Next Post