आधुनिक भारत के सुप्रसिद्ध वैज्ञानिक - डॉ. वर्गीज़ कुरियन (1921-2012)
वर्गीज़ कुरियन का जन्म केरल के कोझिकोड में 26 नवंबर, 1921 को हुआ था। उन्होंने चेन्नई के लोयला कॉलेज से 1940 में विज्ञान में
स्नातक किया और चेन्नई के ही जी.सी, इंजीनियरिंग कॉलेज से इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त की। कुछ समय तक उन्होंने जमशेदपुर स्थित टिस्को कंपनी में काम किया और बाद में डेयरी इंजीनियरिंग में अध्ययन करने के लिये भारत सरकार की ओर से छात्रवृत्ति मिलने के बाद उन्होंने बंगलूरू के 'इंपीरियल इंस्टीट्यूट ऑफ एनिमल हसबेंड्री एंड डेयरिंग' में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया।
इसके बाद उन्होंने उत्तर अमेरिका में स्थित मिशीगन स्टेट यूनिवर्सिटी से 1948 में मैकेनिकल इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री हासिल की, जिसमें - डेयरी इंजीनियरिंग भी एक विषय था।
डॉ. वर्गीज़ कुरियन वर्ष 1948 में अमेरिका से वापस भारत आकर - सरकार के डेयरी विभाग में शामिल हो गए। मई 1949 में उन्हें गुजरात
के आनंद में सरकारी अनुसंधान क्रीमरी में डेयरी इंजीनियर के रूप में तैनात किया गया और आगे 1965 में वे 'राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड'
के संस्थापक अध्यक्ष बने।
1960 के आखिरी दशक में डॉ. कुरियन ने 'ऑपरेशन फ्लड' के नाम से एक परियोजना की शुरुआत की, जिसके द्वारा दुग्ध उत्पादन में
बढ़ोतरी हुई जो कि विश्व के किसी अन्य विकास कार्यक्रम द्वारा प्राप्त उत्पादन के अनुपात से कहीं अधिक था। ऑपरेशन फ्लड भारत के सबसे बड़े ग्रामीण रोजगार कार्यक्रम के रूप में उभरा। फलतः डेयरी विकास के क्षेत्र में संस्थागत तकनीकी, आर्थिक, औद्योगिक एवं सामाजिक गतिविधियों के वृहद् आयाम खुले। इसके अलावा, कुरियन ने दिल्ली में फलों एवं सब्जियों की प्राप्ति एवं विपणन के लिये एक पायलट परियोजना की शुरुआत की वहीं, 1979 में खाद्य तेलों के व्यवसाय को बढ़ाने के लिये 'धारा' नामक परियोजना लॉन्च की।
डॉ. कुरियन एक दूरदर्शी व्यक्ति थे तथा वे संस्थान निर्माता के रूप में विख्यात हुए। उन्होंने 1979 में आनंद में, 'इंस्टीट्यूट ऑफ रूरल
मैनेजमेंट (इरमा) की स्थापना की। साथ ही 1988 में भारतीय सहकारी डेयरी महासंघ का पुनर्गठन तथा 1994 में विद्या डेयरी स्थापित करने में मदद की।
डॉ. वर्गीज़ कुरियन को उनके अतुलनीय कार्य के लिये, रेमन मैग्सेसे पुरस्कार, पद्मश्री, पद्म भूषण तथा कृषि रत्न पुरस्कार आदि से सम्मानित
किया गया।
प्रमुख पुस्तकें: 'आई टू हैड अ ड्रीम', 'द मैन ह मेड द एलीफैंट
डांस' (ऑडियो बुक) और 'एन अनफिनिश्ड ड्रीम'